Maha Shivratri 2024: सर्वार्थ सिद्धि योग में होगा भोलेनाथ का जलाभिषेक, पृथ्वीनाथ मंदिर में होगी भस्म आरती

राजधानी दून में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। टपकेश्वर मंदिर के साथ ही शहरभर के मंदिरों में सर्वार्थ सिद्धि योग में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही मेले का शुभारंभ होगा।
शुक्रवार को फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। आचार्य सुशांत राज ने बताया कि इस बार महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग, चतुर्ग्रही योग और शिव योग बन रहा है। इसके साथ ही शुक्र प्रदोष व्रत बन रहा है। इस दिन तीनों योगों का निर्माण होना अद्धभुत संयोग है। आचार्य विजेंद्र प्रसाद ममगाई ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की चार पहर की आरती करने का महत्व है। महाशिवरात्रि पर दून के मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी।
ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर आधी रात में भगवान शिव का महाभिषेक किया गया। भक्तों के दर्शन के लिए टपकेश्वर महादेव के द्वार खोल दिए गए। यहां भक्तों को 5100 लीटर केसर युक्त दूध का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पलटन बाजार के जंगम शिवालय मंदिर में श्री जंगमेश्वर महादेव का 51 लीटर दूध से महारुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 3100 लीटर केसर युक्त दूध का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
पृथ्वीनाथ मंदिर में होगी भस्म आरती
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर रात में भस्म आरती की जाएगी। सेवादार संजय गर्ग ने बताया कि मंदिर में सामूहिक महारुद्राभिषेक होगा। यहां भक्तों को 500 लीटर केसर युक्त दूध का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
चार पहर की आरती
8 मार्च- प्रथम पहर, शाम 6:23 बजे से 9:24 बजे तक
द्धितीय पहर, रात 9:25 बजे से 12:30 बजे तक
तृतीय पहर, रात 12:31 बजे से सुबह 3:32 बजे तक
9 मार्च- चतुर्थ पहर सुबह 3:35 बजे से 6:33 बजे तक
टपकेश्वर मंदिर जाने वाले भक्तों के गढ़ी चौक पर रोके जाएंगे वाहन
यदि आप महाशिवरात्रि पर्व पर टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंच रहे हैं तो चारपहिया वाहन से आने से परहेज करें। मंदिर में भक्तों की संख्या को देखते हुए पुलिस वाहनों को गढ़ी चौक पर ही रोकेगी। यहां से मंदिर तक भक्तों को पैदल ही जाना होगा। कैंट प्रभारी निरीक्षक गिरिश चंद शर्मा ने बताया कि टपकेश्वर मंदिर में आने वाले भक्तों के वाहनों को गढ़ी चौक पर ही रोका जाएगा।
यहां चारपहिया वाहनों की ओएनजीसी की पार्किंग में कराई जाएगी। दोपहिया वाहनों की पार्किंग थाने के पास कराई जाएगी। टपकेश्वर मंदिर में 80 पुलिसकर्मी तैैनात रहेंगे। यहां टपकेश्वर मंदिर के करीब 400 सेवादार महाशिवरात्रि की व्यवस्था देखेंगे। इसके साथ ही 32 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी।